पठानकोट में सफाई कर्मचारियों ने निगम का किया घेराव:काम बंद कर हड़ताल की, सरकार को दी पुतला फूंकने की चेतावनी; नियमित करने की मांग
अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन (रजि. नं. 44) के बैनर तले मंगलवार को बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों और सफाई सेवकों ने पठानकोट नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने रोष जताते हुए काम बंद हड़ताल शुरू कर दी और नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन के प्रधान रमेश कुमार कट्टू ने की। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूनियन के नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे। पढ़ें क्या है सफाई कर्मचारियों की मांगें उन्होंने आने वाले दिनों में पंजाब सरकार का पुतला फूंकने की भी चेतावनी दी। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में नगर निगम पठानकोट में आउटसोर्सिंग और दैनिक वेतन पर कार्यरत सभी सफाई मजदूरों और सफाई सेवकों को तुरंत नियमित करना शामिल है। पिछले 15 से 20 वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को बिना किसी देरी के स्थायी करने की मांग भी की गई है। अन्य प्रमुख मांगों में 1 जनवरी 2004 के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) को तत्काल लागू करना शामिल है। इसके अलावा, 1 जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को छठे पंजाब वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ देने की मांग भी की गई है। सफाई सेवकों और सफाई कर्मियों के विभिन्न भत्तों तथा लंबित बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग भी यूनियन की ओर से उठाई गई है।
Source link

