बैंक मैनेजर पर योजना के फॉर्म रोकने का आरोप:संभल में भाकियू के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर किया धरना प्रदर्शन
संभल के नखासा थाना क्षेत्र के सिंहपुर सानी स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में सोमवार शाम ‘नंदिनी कृषक समृद्धि योजना’ के फॉर्मों पर हस्ताक्षर न करने के आरोप को लेकर किसानों ने हंगामा किया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने बैंक के बाहर धरना दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों व बैंक प्रबंधन के बीच वार्ता कराई। भाकियू (टिकैत) के जिला महासचिव चौधरी वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि बैंक मैनेजर ‘नंदिनी कृषक समृद्धि योजना’ के तहत जमा किए जा रहे आवेदन पत्रों के साथ आवश्यक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस कारण किसानों के आवेदन समय पर जमा नहीं हो पा रहे हैं और सरकारी योजना का लाभ मिलने में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवेदन के साथ बैंक का एक प्रमाणन आवश्यक है, जिसमें यह सत्यापित किया जाता है कि आवेदक संबंधित बैंक का खाताधारक है या नहीं। उनके अनुसार अन्य बैंक बिना देरी के यह प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं, जबकि संबंधित शाखा प्रबंधक जांच का हवाला देकर हस्ताक्षर करने से इनकार कर रहे हैं। भाकियू नेताओं का आरोप है कि बैंक मैनेजर ने कहा कि वह पहले जांच करेंगे और अंतिम तिथि निकल जाने की बात भी कही। किसानों का कहना है कि इस स्तर पर केवल खाताधारक होने का सत्यापन किया जाना है, जबकि ऋण स्वीकृति से पहले विस्तृत जांच की प्रक्रिया अलग से होती है। किसानों ने मांग की कि यदि बैंक हस्ताक्षर नहीं कर रहा है तो बिना सहमति पत्र के भी आवेदन स्वीकार और अपलोड करने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर किसानों के हित में तत्काल समाधान कराने की मांग की। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के आवेदन समय पर जमा नहीं हो पाए, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित बैंक प्रबंधक की होगी। धरने की सूचना पर थाना प्रभारी संजय शर्मा और एसएसआई नरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे। पुलिस ने किसानों और बैंक मैनेजर के बीच वार्ता कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत हुई है और समस्या के समाधान के लिए मंगलवार को आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। धरने में मंडल अध्यक्ष आनंद चाहल, ब्लॉक अध्यक्ष देवेश चौधरी, गजेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, रोहित, ग्राम प्रधान गिरिराज सिंह, खचेडू सिंह, अमित, सुरेंद्र सिंह, वीर सिंह, सुधीर चाहल, हरजीत सिंह, राजकुमार सिंह, मनोज, परवीन, रोहताश और रुकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Source link

