पलवल में बेकाबू कार ने मारी टक्कर:दंपती समेत तीन घायल, गांव लौट रहे थे पति-पत्नी, दो बाइक, एक कार क्षतिग्रस्त
पलवल में नूंह मार्ग पर सेंट एंथनी स्कूल के निकट एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने दो बाइकों और एक अन्य कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आलदोका गांव निवासी कुंवर चंद अपनी पत्नी राजेश के साथ बाइक पर सवार होकर पलवल से अपने गांव लौट रहे थे। जब उनकी बाइक पलवल-नूंह रोड पर सेंट एंथनी कॉन्वेंट स्कूल के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित सफेद रंग की कार ने पहले उनके आगे चल रही एक बाइक को टक्कर मारी। बाइक के बाद मारी कार को टक्कर इसके बाद, कार ने सीधे कुंवर चंद की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुंवर चंद और उनकी पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कार ड्राइवर अपनी गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर पाया और उसने एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में नूंह निवासी राजन नामक एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद पति-पत्नी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा के अनुसार, घायल कुंवर चंद की शिकायत पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कार के नंबर के आधार पर चालक का पता लगा रही है।
Source link

