बठिंडा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी:आतंकी इमेल के बाद GRP और RPF ने सुरक्षा बढ़ाई, डॉग स्क्वाड से कोने कोने की जांच
बठिंडा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस गंभीर धमकी के बाद रेलवे पुलिस (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए स्टेशन परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) और आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। GRP और RPF की टीमों ने डॉग स्क्वाड की मदद से स्टेशन के मुख्य परिसर, प्लेटफॉर्म्स, प्रतीक्षालयों और संवेदनशील इलाकों की गहन तलाशी ली। यात्रियों के सामान की सघन चेकिंग की जा रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। चार दर्जन सुरक्षाकर्मी तैनात GRP अधिकारी कुलदीप चंद ने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आजादी दिवस और त्योहारी सीजन के मद्देनजर इस विशेष अभियान के तहत रेलवे जंक्शन पर करीब चार दर्जन (48 से अधिक) पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। यात्रियों से सतर्क रहने की अपील पुलिस अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद और यात्रा कर रहे लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने यात्रियों को हिदायत दी है कि यदि स्टेशन परिसर या ट्रेन में कोई भी लावारिस वस्तु, बैग या संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को दें।
Source link

