हिसार में कांवड़ियों की भीड़ पर फायरिंग:पति-पत्नी और 12 साल की मासूम घायल; 2 बाइक सवार 6 बदमाश मौके पर फरार
हरियाणा के हिसार में बुधवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे बेखौफ बदमाशों ने खूनी खेल खेला। शहर की दयानंद कॉलोनी में तिकोना पार्क और शिव मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 5 से 6 बदमाशों ने कांवड़ियों की भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बदमाशों ने करीब 6 राउंड फायर किए, जिसमें पति, पत्नी और उनकी 12 साल की बेटी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात विधायक सावित्री जिंदल के अस्पताल के बिल्कुल पास हुई। फायरिंग के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में तीनों घायलों को पास के ही जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में दो बदमाशों की पहचान कर ली है, जिन पर पहले से आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं। इस तरह बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम… भांजे को छोड़ने बाहर आया था परिवार : मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात शिव मंदिर के पास काफी संख्या में कांवड़िए एकत्रित हो रहे थे और दर्शन करके निकल रहे थे। इसी दौरान दयानंद कॉलोनी निवासी गोविंद (36) अपनी पत्नी निशा (30) और 12 साल की बेटी बीरा उर्फ गुन्नू के साथ अपने भांजे को सी-ऑफ (छोड़ने) के लिए बाहर खड़ा था। तभी दो बाइकों पर 5-6 नकाबपोश बदमाश पहुंचे और बिना कुछ कहे दनादन गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया : घटना के बाद बाद हमलावर युवक आईटीआई चौक की तरफ भाग गए। राहगीरों ने परिवार को जिंदल अस्पताल पहुंचाया। थोड़ी देर में पार्षद जगमोहन मित्तल अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में दाखिल परिवार के तीनों सदस्यों की स्थिति डाक्टरों ने सामान्य बताई है। खतरे की कोई बात नहीं है। पार्षद ने बताया कि गोविंद जिंदल फैक्ट्री में काम करता है। विधायक को मामले से अवगत करवाया : घटना के बाद मौके पर पहुंचे इलाके के पार्षद जगमोहन मित्तल ने बताया कि घटना के संबध में विधायक सावित्री जिंदल को भी सूचना दे दी गई है। इसके अलावा घायलों को अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। घायल खतरे से बाहर हैं। उन्होने कहा कि पुलिस भी मौके पर तत्काल पहुंच गई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करती हुई… पुलिस बोली-सीसीटीवी खंगाल रहे
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार का कहना है कि अभी घायलों के बयान दर्ज कर रहे हैं। इसके आधार पर पर्चा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी। बाइक सवार कौन थे इसका पता लगाया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। वहीं पुलिस सूत्र बताते हैं कि दो बदमाशों की पहचान कर ली गई है। इसमें राहुल और मुकेशर शामिल हैं जिसमें पहले भी आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं।
Source link

