डूंगरपुर में बदला मौसम का मिजाज:हल्की बारिश का दौर रुक-रुककर जारी, येलो अलर्ट जारी
डूंगरपुर जिले में सोमवार सुबह मौसम ने करवट ली। घने बादलों के बीच रिमझिम फुहारों और हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। शहर सहित जिले के कई इलाकों में रुक-रुककर बरसात हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने डूंगरपुर जिले के लिए सोमवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। कहीं रिमझिम फुहारें गिरीं तो कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। दिनभर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक केवल 200 एमएम बारिश
जिले में मानसून के दौरान औसतन करीब 800 एमएम बारिश होती है। हालांकि, इस बार अब तक औसत के मुकाबले काफी कम बरसात हुई है। अब तक केवल लगभग 200 एमएम बारिश ही दर्ज की जा सकी है।
मानसून की बेरुखी और बारिश की कमी का असर खेती-किसानी पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। किसानों को अब आगामी दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। लगातार अच्छी बारिश होने से खेतों में फसलों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा और खरीफ फसलों को राहत मिलेगी। सोमवार सुबह हुई फुहारों ने किसानों की उम्मीदें बढ़ाई हैं, लेकिन अच्छी बारिश के लिए अभी भी आसमान की ओर नजरें टिकी हैं।
Source link

