सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तारीख दो बार रद्द:20 पंचों को खाली हाथ लौटना पड़ा; तहसीलदार पर मिलीभगत का आरोप
जिले की ग्राम पंचायत एठी में सरपंच अंजनी सिंह गौड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई दो बार टल गई। 9 अक्टूबर के बाद सोमवार, 12 अक्टूबर को भी निर्धारित तारीख पर प्रक्रिया नहीं हो सकी। इसके चलते पंचायत भवन पहुंचे करीब 20 पंचों को बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा। पंचों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तहसीलदार राकेश शुक्ला पर आरोप लगाए हैं। समय पर सूचना नहीं मिलने का आरोप सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए करीब 20 पंच ग्राम पंचायत भवन पहुंचे थे। पंचों का कहना है कि वे सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन निर्धारित तारीख पर कार्रवाई नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। पंचों ने आरोप लगाया कि वे अपने जरूरी काम छोड़कर पंचायत भवन पहुंचते हैं, लेकिन अंतिम समय में तारीख निरस्त होने की जानकारी मिलती है। उनके मुताबिक, समय पर सूचना नहीं मिलने से उनका समय और मेहनत दोनों व्यर्थ जाते हैं। तहसीलदार पर सरपंच के साथ मिलीभगत के आरोप लगाए पंचों ने तहसीलदार राकेश शुक्ला पर जानबूझकर प्रक्रिया नहीं कराने का आरोप लगाया और सरपंच पक्ष के साथ मिलीभगत की आशंका जताई। पंच बसंती कोल ने कहा कि यह दूसरी बार है, जब पंच अपना काम छोड़कर पंचायत भवन पहुंचे, लेकिन उन्हें बताया गया कि अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई नहीं होगी। उन्होंने पंचायत भवन में पटवारी की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए। एसडीएम के फोन से तारीख निरस्त होने की जानकारी मिली पंचायत भवन में मौजूद पटवारी प्रशांत सिंह ने बताया कि उन्हें कार्रवाई के लिए निर्धारित तारीख से करीब पांच मिनट पहले एसडीएम प्रिया पाठक का फोन आया था। फोन पर उन्हें बताया गया कि उस दिन की कार्रवाई निरस्त कर दी गई है। पटवारी के अनुसार, एसडीएम से संपर्क करने पर अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई के लिए 14 अक्टूबर की नई तारीख तय होने की जानकारी मिली। तहसीलदार ने चुनावी प्रशिक्षण का हवाला दिया तहसीलदार राकेश शुक्ला ने बताया कि वे चुनाव संबंधी प्रशिक्षण में व्यस्त थे, इसलिए 12 अक्टूबर को कार्रवाई नहीं हो सकी। उनके मुताबिक, इससे पहले निर्धारित तारीख पर भी प्रशासनिक कार्य के कारण प्रक्रिया नहीं हो पाई थी। अब अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई के लिए 14 अक्टूबर की तारीख बताई गई है।
Source link

