Rajnandgaon Police Recover 18 Lost Mobile Phones Using CEIR Portal
राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना पुलिस ने ‘सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर’ (CEIR) पोर्टल का उपयोग कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत विभिन्न कंपनियों के कुल 18 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख
.
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में तकनीकी टीम ने CEIR पोर्टल का सटीक उपयोग कर इन गुम हुए मोबाइलों का पता लगाया।
अभियान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में चलाया गया।
रविवार को बसंतपुर थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में निरीक्षक एमन साहू और अन्य थाना स्टाफ की उपस्थिति में सभी 18 मोबाइल उनके कानूनी स्वामियों को सुपुर्द किए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों ने राजनांदगांव पुलिस और बसंतपुर थाना टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि फोन में परिवार की महत्वपूर्ण यादें, दस्तावेज और संपर्क नंबर सुरक्षित थे, जिन्हें वापस पाने की उम्मीद उन्होंने छोड़ दी थी।
थाना प्रभारी एमन साहू ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को कोई गुम मोबाइल फोन मिलता है, तो उसका अवैध उपयोग न करें और उसे तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में जमा कराएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गुम मोबाइलों की खोज का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

