अमेठी में बाइक गड्ढे में गिरी, युवक की मौत:रात भर गड्ढे में पड़ा रहा, सुबह राहगीरों की नजर पड़ी तो बुलाई पुलिस
अमेठी में देर रात एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मुंशीगंज थाना क्षेत्र के लोनियापुर पूरबगांव मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के मठा भुसुंडा गांव निवासी लल्लन चौहान पुत्र राम अंजोर चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लल्लन चौहान अपने साढ़ू के घर मुंशीगंज थाना क्षेत्र के शाहगढ़ से एक पार्टी में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। लोनियापुर पूरबगांव मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में लल्लन की मौके पर ही मौत हो गई। रात के अंधेरे के कारण किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। आज सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा, तब पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही मुंशीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मुंशीगंज थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि लल्लन रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच अपने घर जा रहे थे। अंधे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने से उनकी मौत हुई है।
Source link

