इटावा में युवक की करंट लगने से मौत:पानी से भरे गड्ढे में पैर धोने के दौरान चपेट में आया, अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित
इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के भीमनगर गांव में गुरुवार रात एक 24 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक तालाब के पास शौच के बाद पैर धो रहा था, तभी यह हादसा हुआ। यह घटना रात करीब 8:30 बजे की है। मृतक आकाश, पुत्र अशोक कुमार, गांव में बने तालाब के पास शौच के लिए गया था। लौटते समय वह सड़क किनारे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में पैर धोने लगा। इसी दौरान पास में लगे बिजली के पोल से पानी में करंट उतर आया, जिससे आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और पिता अशोक कुमार उसे आनन-फानन में बकेवर के 50 शैय्या अस्पताल ले गए। वहां इमरजेंसी चिकित्सक मोहम्मद तैय्यब ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। पिता अशोक कुमार ने बताया कि आकाश के दो भाई हैं। बड़ा भाई पंजाब में निजी नौकरी करता है, जबकि आकाश ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। आकाश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। बाबा रामशंकर, दादी भाग्यवती, पिता अशोक और मां बेबी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक और लखना चौकी इंचार्ज दीपक भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
Source link

