उज्जैन शिप्रा में सेल्फी लेते श्रद्धालु जोखिम में:गहरे पानी में जाकर ले रहे तस्वीरें, सुरक्षाकर्मी दे रहे चेतावनी
विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बाबा महाकाल के दर्शन के साथ श्रद्धालु उज्जैन के विभिन्न धार्मिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करते हैं तथा मोक्षदायिनी मां शिप्रा में स्नान करना भी अपनी यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं। हालांकि, कई श्रद्धालु अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है। रामघाट और आसपास के घाटों पर इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करते दिखाई दे रहे हैं। चिंताजनक बात यह है कि कई युवा और पर्यटक स्नान के दौरान गहरे पानी में जाकर सेल्फी लेने का जोखिम उठा रहे हैं। कुछ लोग सेल्फी स्टिक लेकर नदी के भीतर तक पहुंच जाते हैं, जबकि कई समूह बनाकर फोटो और वीडियो बनाने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि उन्हें अपनी सुरक्षा का भी ध्यान नहीं रहता। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि श्रद्धालु पानी के भीतर काफी दूर तक जाकर सेल्फी ले रहे हैं। कई बार लोगों को नदी की गहराई का अंदाजा नहीं होता और एक छोटी सी चूक उनकी जान पर भारी पड़ सकती है। हालांकि, घाटों पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तैनात रहती हैं और सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को सतर्क भी करते हैं। कई बार श्रद्धालु चेतावनी और बैरिकेडिंग को नजरअंदाज कर प्रतिबंधित क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। कुछ लोग तो नदी पार करने की भी कोशिश करते हैं, जिन्हें सुरक्षाकर्मी समय रहते रोकते और समझाइश देते हैं। उज्जैन में पूर्व में भी शिप्रा नदी में डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई लोगों की जान गई है, जबकि अनेक श्रद्धालुओं को समय रहते बचाया भी गया है। इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नजर नहीं आते और सोशल मीडिया पर बेहतर फोटो व वीडियो के लिए अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। रामघाट क्षेत्र में कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था है, लेकिन रामघाट के दूसरी ओर नर्सिंग घाट सहित अन्य क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में युवा स्नान करते और सेल्फी लेते दिखाई देते हैं।
Source link

