कौशांबी में छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की:किसी दूसरे के मोबाइल फोन से घर पर सूचना देने के बाद की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
कौशांबी के भरवारी रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना शाम करीब 5 बजे कोखराज थाना क्षेत्र में हुई, जब कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के सामने छात्रा ने छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कक्षा 8 की छात्रा लक्ष्मी देवी काफी देर से स्टेशन परिसर में टहल रही थी। स्टेशन पर पुलिस भर्ती परीक्षा के कारण परीक्षार्थियों की भीड़ थी। छात्रा ने एक महिला परीक्षार्थी से मोबाइल फोन मांगा और घर पर बात की। बात करने के बाद उसने ट्रेन के आगे कूदने का प्रयास किया। जिस महिला परीक्षार्थी से उसने फोन लिया था, उसने छात्रा का हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन छात्रा हाथ छुड़ाकर ट्रेन के आगे कूद गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रेन कुछ देर के लिए रुकी, जिसके बाद लोको पायलट ने निरीक्षण कर उसे आगे बढ़ाया। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतका की पहचान करारी थाना क्षेत्र के बड़ाई बंधवा निवासी झुल्लर सरोज की 14 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। वह कक्षा 8 की छात्रा थी। घटना के लगभग एक घंटे बाद मृतका का बड़ा भाई मुकेश मौके पर पहुंचा। मुकेश ने बताया कि उसे घर से फोन आया था कि उसकी बहन भरवारी रेलवे स्टेशन पर है। लक्ष्मी अपने दो भाइयों और छह बहनों में चौथे नंबर पर थी। घटना के बाद से मृतका की मां सुनीता देवी, पिता झुल्लर सरोज और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लगा पाई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच पड़ताल में जुटी है।
Source link

