कटिहार में आज होमगार्ड क्लर्क भर्ती परीक्षा:10 सेंटर पर 5000 स्टूडेंट का एग्जाम, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बैन, पुलिस बल तैनात
कटिहार में बिहार होमगार्ड क्लर्क भर्ती परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित की जा रही है। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक यह परीक्षा होगी। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। 9:30 बजे के बाद मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। प्रवेश के लिए ई-एडमिट कार्ड, नीला बॉल पेन और एक वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट) लाना अनिवार्य है। चेकिंग के बाद छात्रों को मिल रही एंट्री परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। अभ्यर्थियों की गहन तलाशी के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। सभी केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। परीक्षा शुरू होने से काफी पहले, सुबह 7 बजे से ही विभिन्न केंद्रों के मुख्य द्वारों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। कटिहार शहर के हरिशंकर नायक +2 उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने खुद माइकिंग के जरिए अभ्यर्थियों को परीक्षा संबंधी दिशानिर्देश समझाए। उन्होंने सभी से शांतिपूर्वक कतार में लगकर तलाशी कराने और समय पर केंद्र में प्रवेश करने की अपील की। 10 केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी 10 केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। उड़नदस्ता दल लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रहा है। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए केंद्रों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल या कदाचार करते पकड़े जाने पर अभ्यर्थी के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य की परीक्षाओं से भी वंचित किया जा सकता है। बिहार होमगार्ड मुख्यालय द्वारा आयोजित इस परीक्षा में कटिहार के करीब 5 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
Source link

