किराना व्यापारी के बेटे की संदिग्ध हालत में मौत:चित्रकूट में परिजनों ने हाईवे पर शव रखकर घंटों प्रदर्शन किया, देर रात जाम खुला
चित्रकूट के राजापुर कस्बे में एक किराना व्यापारी के बेटे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर घंटों प्रदर्शन किया, जिससे लंबा जाम लग गया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद देर रात करीब 1 बजे जाम खुलवाया जा सका। जानकारी के अनुसार, राजापुर निवासी किराना व्यापारी गुलाब के पुत्र पंकज का शव शनिवार रात नादिन कुर्मियान स्थित महादेव इंटर कॉलेज के पास बरामद हुआ। शव के समीप ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पंकज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसे संदिग्ध मौत बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद उन्होंने शव को नेशनल हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हो गए।
जाम की सूचना पर सीओ राजापुर और एसडीएम राजापुर सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने कई घंटों तक परिजनों से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद देर रात करीब 1 बजे परिजन माने और हाईवे से जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद से पूरे राजापुर कस्बे में शोक और चर्चा का माहौल है।
Source link

