गेहूं भुगतान, बिजली संकट पर किसानों का प्रदर्शन:बहोरीबंद में एसडीएम को सौंपा मांग पत्र, दी आंदोलन की चेतावनी
कटनी के बहोरीबंद बस स्टैंड पर बुधवार को किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। किसान नेता राकेश सिंह लोधी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों और ग्रामीणों ने गेहूं के लंबित भुगतान, खराब बिजली व्यवस्था और जल संकट को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के लगभग एक घंटे बाद एसडीएम प्रदीप मिश्रा धरना स्थल पर पहुंचे। किसानों ने उन्हें कलेक्टर के नाम संबोधित 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, जिसमें समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई। ज्ञापन में किसानों ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। किसानों ने क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और मूंग व उड़द की फसलों के लिए कम से कम 18 घंटे बिजली देने की मांग की। किसानों ने बताया कि सायलो सहित अन्य उपार्जन केंद्रों पर गेहूं की तुलाई पूरी होने के बावजूद कई किसानों को अभी तक भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने अपनी उपज की राशि तत्काल खातों में हस्तांतरित करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में हो रही वृद्धि को वापस लेने या कृषि उपज का समर्थन मूल्य लागत के अनुरूप बढ़ाने की भी मांग की गई। एक अन्य मांग में रूपनाथ-बम्होरी-हटियागढ़ मार्ग पर बीएसएनएल की लाइन बिछाने के लिए खोदी गई खुली नालियों का मुद्दा उठाया गया। किसानों ने बताया कि ये नालियां महीनों से खुली पड़ी हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने इन्हें तत्काल ठीक करने और लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
Source link

