जुलूस में चाकू लेकर घूम रहे 3 बदमाश पकडे़:धानमंडी पुलिस की मुस्तैदी से मुहर्रम के जुलूस से पकड़े गए, पुरानी रंजिश के चलते हमले की थी तैयारी
उदयपुर के धानमंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा होने से बच गया। पुलिस की सतर्कता के कारण एक संभावित वारदात समय रहते टल गई। पुलिस ने भीड़ के बीच से तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। जब उनकी तलाशी ली गई, तो तीनों के पास से धारदार चाकू बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। समय रहते हुई इस कार्रवाई से त्योहार के माहौल में कोई अप्रिय घटना या जनहानि नहीं हो सकी। एसपी डॉ अमृता दुहन ने बताया कि पकड़े गए युवकों की पहचान अलीपुरा के रहने वाले शोएब खान, आयड़ निवासी मुर्तजा और मल्लातलाई के रहने वाले हसीन खान के रूप में हुई है। ये तीनों मुहर्रम के जुलूस के दौरान भीड़ में संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी हरकतें ठीक नहीं लगीं। पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को रोका और उनकी जांच की, जिसमें उनके पास से अलग-अलग चाकू मिले। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों की किसी से पुरानी दुश्मनी चल रही थी। वे इसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर हमला करने के इरादे से घूम रहे थे। हालांकि, भीड़भाड़ और पुलिस की मौजूदगी के कारण उन्हें हमला करने का सही मौका नहीं मिल पाया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उनसे धानमंडी थाने में पूछताछ हो रही है। इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल महेंद्र, कांस्टेबल कयूम और कांस्टेबल कमल ने कमाल की सूझबूझ दिखाई। मुहर्रम के जुलूस के दौरान माहौल काफी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाला था। इसके बावजूद इन तीनों पुलिसकर्मियों ने सही समय पर संदिग्धों को पहचान कर धर दबोचा।
Source link

