ट्रेफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मारने का प्रयास:कार हटाने की कहने व चालान से हुई महिला नाराज, बाद में हुई फरार
अजमेर के पृथ्वीराज मार्ग पर अजमेर टायर के निकट नो पार्किंग जोन में यूटर्न पर खड़ी कार को हटाने की कहने व उसका चालान के लिए फोटो लेने के दौरान महिला कार चालक नाराज हो गई। चालक महिला ने हैड कांस्टेबल पर कार चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से कार सहित फरार हो गई। इस दौरान मौके पर खडे़ लोगों ने वीडियो भी बनाया। यातायात पुलिस के हैड कांस्टेबल महेश कुमार ने कोतवाली थाने में महिला कार चालक के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने व खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर जान जोखिम में डालने के आरोप में मामला दर्ज कराया है। यातायात पुलिस के हैड कांस्टेबल महेश कुमार बुधवार को पृथ्वीराज मार्ग पर ड्यूटी कर रहे थे। दोपहर को करीब 2.05 बजे वह मय क्रेन के अजमेर टायर के निकट पुलिया के नीचे पहुंचे। जहां नो पार्किंग में यूटर्न पर एक कार संख्या आरजे-01-सीएफ-3440 खड़ी थी। इस पर उन्होंने देखा तो कार चालक महिला थी। जिसे वहां से कार को हटाने को कहा। लेकिन महिला ने हैड कांस्टेबल की बात को अनसुना कर दिया और कार को नहीं हटाया। उसे उन्होंने वापस टोका तो भी कार को नहीं हटाया। इस पर हैड कांस्टेबल ने उक्त कार की फोटो लेते हुए चालान करना चाहा तो महिला ने खतरनाक तरीके व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए वहां खड़े अन्य वाहनों के साइड ग्लास को तोड़ दिया। उन्हें टक्कर मारने का प्रयास करते हुए कार को तेजी से भगा ले गई।कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Source link

