नरसिंहपुर में 108 एंबुलेंस नोडल बदला:सेवाओं में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग का फैसला

नरसिंहपुर में 108 एंबुलेंस नोडल बदला:सेवाओं में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग का फैसला




नरसिंहपुर जिले में 108 एंबुलेंस सेवाओं में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार देर शाम नोडल 108 को बदल दिया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कुछ दिन पहले सीएमएचओ के पत्र पर सेवा संचालक कंपनी ने जिला प्रबंधक को हटाया था। प्रभारी परिवार कल्याण रंजीत चौधरी, जो अब तक नोडल का कार्य देख रहे थे, उन्हें आदेश दिया गया है कि वे तीन दिन के भीतर 108 नोडल और वाहन शाखा का समस्त प्रभार नए प्रभारी परामर्शदाता एड्स नियंत्रण समिति प्रशांत सोनी को सौंप दें। जिले में लंबे समय से 108 एंबुलेंस सेवाओं के मनमाने संचालन को लेकर शिकायतें बढ़ रही थीं। इससे न केवल इन सेवाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही थी, बल्कि शासन की मंशा भी पूरी नहीं हो पा रही थी। लोगों में एंबुलेंस सेवा के प्रति विश्वास का संकट गहराता जा रहा था। बीती 16 मई को सूरवारी निवासी हसन खान को एंबुलेंस कर्मियों के असंवेदनशील रवैये के कारण अपनी मां को पीठ पर लादकर ले जाना पड़ा था। इस घटना की शिकायतें उच्च स्तर तक पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग व्यवस्था सुधारने के लिए सक्रिय हो गया है। हालांकि, विभागीय पत्र में नोडल 108 को बदले जाने का कारण प्रशासकीय कार्य सुविधा बताया गया है, लेकिन विभाग के आला अधिकारी यह स्वीकार कर रहे हैं कि नोडल स्तर पर एंबुलेंस सेवाओं की निगरानी में गंभीर लापरवाही बरती गई। इसी वजह से सेवाओं का संचालन लगातार बिगड़ा और मरीजों की परेशानियां व शिकायतें बढ़ती गईं। इस संबंध में नरसिंहपुर के सीएमएचओ डॉ. मनीष मिश्रा ने बताया, “नोडल 108 के प्रभार में बदलाव उच्च स्तर से मिले आदेश अनुसार किया गया है। हमें जैसा कहा गया था, हमने वैसा ही किया है।”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!