नारनौल में रातभर गूंजता रहा गोल्ड लोन कंपनी का साइरन:रात 10 बजे शुरू हुआ अलार्म सुबह 9 बजे तक नहीं हुआ बंद, पुलिस मौके पर
हरियाणा के नारनौल में शहर के रेवाड़ी रोड स्थित एक प्राइवेट गोल्ड लोन कंपनी का वार्निंग साइरन पूरी रात बजता रहा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। रात करीब 10 बजे शुरू हुआ साइरन सुबह 9 बजे तक लगातार बजता रहा, लेकिन कंपनी प्रबंधन इसे बंद नहीं करा सका। घटना महावीर चौक के पास पेट्रोल पंप के नजदीक स्थित गोल्ड लोन कंपनी की है। बताया जा रहा है कि कंपनी के सुरक्षा सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण साइरन अचानक बजना शुरू हो गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों को किसी चोरी या बड़ी वारदात की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस भी रात में दो बार मौके पर पहुंची और कंपनी कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की। ठीक से सो नहीं पाए स्थानीय निवासी प्रेम सैनी, राकेश कुमार और जतीन ने बताया कि रातभर तेज आवाज के कारण लोग ठीक से सो नहीं सके। सुबह तक भी साइरन बंद नहीं हुआ तो राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने पुलिस और कंपनी अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन काफी देर तक कोई समाधान नहीं निकला। नहीं आया कोई जिम्मेदार अधिकारी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह भी पुलिस मौके पर पहुंची और कंपनी कर्मचारियों को फोन किए गए, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं आया। करीब सुबह 9 बजे कंपनी का एक गार्ड वहां पहुंचा। लोगों ने जब साइरन बंद कराने को कहा तो उसने कथित तौर पर जवाब दिया, “क्या तुम्हारी बिजली खर्च हो रही है।” इसके बाद लोगों में और नाराजगी बढ़ गई। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल गार्ड ने बताया कि सिस्टम में फॉल्ट आने के कारण साइरन लगातार बज रहा है और तकनीकी टीम बुलाकर इसे ठीक कराया जाएगा। हालांकि घंटों तक बजते रहे साइरन ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source link

