नीमच में ट्रैक्टर खड़ा कर रास्ता रोका:झगड़े में मां समेत दो बेटे घायल, पीड़ित बोले- शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी
जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम आंतरी माताजी में शनिवार को जमीन की मेढ़ और करीब 30 साल पुराने रास्ते के इस्तेमाल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। हमले में एक ही परिवार की मां और उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जमीन की मेढ़ को लेकर लंबे समय से पुराना विवाद चल रहा था। शनिवार को एक पक्ष के लोगों ने रास्ते के बीच में अपना ट्रैक्टर खड़ा कर दिया और दूसरे पक्ष का रास्ता रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। इस मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। मां और दो बेटे लहूलुहान, एक की हालत नाजुक इस जानलेवा हमले में इंदिरा बाई और उनके दो बेटे विशाल सूर्यवंशी व जीतू सूर्यवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को तुरंत मनासा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल बेटों में से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। समय पर नहीं पहुंची पुलिस, लहूलुहान पड़ा रहा युवक घायलों के परिजन और ग्रामीणों का आरोप है कि वारदात के तुरंत बाद उन्होंने डायल 112 पुलिस को फोन कर सूचना दी थी, लेकिन पुलिस की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसके चलते गंभीर रूप से घायल युवक काफी देर तक मौके पर ही तड़पता और लहूलुहान हालत में पड़ा रहा। बाद में आस-पास के लोगों और रिश्तेदारों ने खुद ही व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पहले भी की थी शिकायत, कार्रवाई न होने से बढ़े हौसले अस्पताल में भर्ती घायल विशाल सूर्यवंशी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी पक्ष खेत की मेढ़ और रास्ते को लेकर उन पर पहले भी कई बार जानलेवा हमले की कोशिश कर चुका है। इसकी लिखित शिकायत पहले भी थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने तब कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पुलिस की इसी ढिलाई की वजह से आरोपियों के हौसले बढ़ गए और उन्होंने इस बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। मनासा थाना पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद परस्पर शिकायत (क्रॉस केस) दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की पूरी गहराई से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

