पुलिसकर्मी को दांत से काटकर कस्टडी से भागा बदमाश:कुरुक्षेत्र में बाथरूम करने के बहाने गाड़ी रुकवाई; पुलिस ने गोली मारकर पकड़ा
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर पुलिस कस्टडी से भाग रहे कुख्यात बदमाश को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में दबोचा। बदमाश ने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिस की गाड़ी को रुकवाया था। पुलिसकर्मी उसे नीचे उतारकर लेकर गए, तो उसने एक पुलिसकर्मी की बाजू पर दांत से काट लिया। इसी दौरान बदमाश हाथ छुड़ाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने लगा। पुलिस ने पहले उसे रुकने के लिए चेतावनी देते हुए हवाई फायर किया। बदमाश नहीं रुका तो पुलिस ने उसकी टांग में गोली मारकर उसे काबू कर लिया। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप के घर से हथियार रिकवरी कर लौट रही थी टीम आरोपी की पहचान सोढ़ी गांव निवासी विशाल उर्फ विक्की के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर मामलों में 30 से ज्यादा केस दर्ज हैं। फिलहाल उसका LNJP अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से हथियार रिकवरी कर लौट रही थी। गोलीकांड के आरोपियों को दिए थे हथियार CIA-2 के इंचार्ज मनदीप सिंह ने बताया कि विशाल उर्फ विक्की सोढ़ी को गांधी नगर गोलीकांड की जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि 14 जून को सुबह करीब साढ़े तीन बजे गांधी नगर में हुए गोलीकांड में आरोपी राहुल बारना और उसके साथियों को हथियार उपलब्ध कराने का काम विशाल ने किया था। घर में हथियार छुपाने की बात कबूली पूछताछ के दौरान विशाल ने पुलिस को बताया कि उसने अपने घर में भी हथियार छिपाकर रखे हैं। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए उसके गांव में घर लेकर गई। आरोपी ने अपने घर से 2 अवैध पिस्टल, 4 मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद कराए। लौटते वक्त रुकवाई गाड़ी, पुलिस कर्मी को दांत से काटा हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस टीम आरोपी को कुरुक्षेत्र लेकर लौट रही थी। जीटी रोड पर उमरी चौक के पास आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिस ने गाड़ी रोकी और उसे नीचे उतारा। दो पुलिसकर्मी आरोपी के हाथ पकड़कर उसे बाथरूम के लिए लेकर जाने लगी। इसी दौरान उसने अचानक पुलिसकर्मी की बाजू पर दांत से काट लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगा आरोपी हाथ छुड़ाकर खेतों की तरफ अंधेरे में भागने लगा। पुलिस भी आरोपी का पीछा करने लगी और चेतावनी दी। आरोपी नहीं रुका, तो टीम ने पहले हवाई फायर किया। फिर भी आरोपी लगातार भागता रहा और पकड़ में नहीं आया तो पुलिस ने उसकी दाहिनी टांग को निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली लगते ही आरोपी गिर पड़ा और टीम ने उसे दोबारा पकड़ लिया। 14 जून को हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग पिछले महीने 14 जून की सुबह गांधी नगर में ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने अमन (20) और प्रिंस (20) पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। हमले में अमन को दो और प्रिंस को एक गोली लगी थी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था। फायरिंग के बाद हमलावरों की स्कॉर्पियो नाले में जा गिरी और आरोपी उसे वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। सट्टे के विवाद से जुड़ा था गोलीकांड पुलिस जांच में सामने आया कि गांधी नगर गोलीकांड की वजह जुआ और सट्टे के कारोबार से जुड़ा विवाद था। शुरुआती जांच में अमन और प्रिंस का नाम भी इस नेटवर्क से जुड़ा सामने आया था। पैसों के लेनदेन और कारोबार के विवाद के चलते उन पर हमला किया गया था। मामले में पुलिस कई आरोपियों को पकड़ चुकी है।
Source link

