पूर्व मंत्री बब्बू बोले-जान से मारने की धमकियां मिल रहीं:शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप; पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की
जबलपुर के पूर्व मंत्री और पश्चिम विधानसभा से पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह बब्बू ने दावा किया है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। बुधवार को मीडिया से चर्चा करते हुए बब्बू ने कहा कि पिछले दो महीनों में दूसरी बार उन्हें धमकी मिली है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गोरखपुर क्षेत्र से गुजरते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे सीधे गोरखपुर थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। ‘जब पूर्व मंत्री सुरक्षित नहीं, तो आम जनता कैसे सुरक्षित’ बब्बू ने कहा कि जब एक पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक को खुलेआम धमकी दी जा सकती है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उन पर हमला हो चुका है, जिसमें वे घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि 25 साल विधायक और मंत्री रहने के बाद भी उन्हें सुरक्षा नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने दर्ज की एफआईआर गोरखपुर सीएसपी एमडी नागोतिया ने बताया कि पूर्व मंत्री की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना मामले को लेकर कांग्रेस ने भी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि जब सत्ताधारी दल के पूर्व मंत्री ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, तो आम जनता की स्थिति समझी जा सकती है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
Source link

