भिवानी में नप सफाईकर्मी व अग्निशमनकर्मियों की हड़ताल:बोले- 3 दिन में मांग नहीं मानी तो करेंगे अनिश्चितकालीन, सफाई व्यवस्था होगी ठप
भिवानी में वीरवार को नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों व अग्निशमन के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल की। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि सरकार द्वारा मानी गई मांगों को पूरा किया जाए। सरकार ने समझौते के समय डेढ़ महीने का समय मांगा था, जबकि अब ढाई महीने से ज्यादा का समय हो चुका है, लेकिन अभी तक मांगों को पूरा नहीं किया गया। इसलिए यह हड़ताल की गई है। कर्मचारियों ने 6 से 8 अगस्त तक हड़ताल का फैसला लिया है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे 8 अगस्त के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल भी कर सकते हैं। नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान जयहिंद, फायरब्रिगेड कर्मचारी संघ के प्रधान अजय श्योराण, उप प्रधान राजेश कुमार, हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य सचिव पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने मांग की कि पे रोल के सफाई कर्मचारियों व सीवर मैन को पक्का किया जाए, ठेके पर लगे तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कच्चे कर्मचारियों को नीति बनाकर पक्का किया जाए। पक्का करने तक 30 हजार रुपए वेतन व एक्सग्रेसिया पॉलिसी को सरल बनाते हुए कच्चे कर्मचारियों को भी एक्सग्रेसिया पॉलिसी में शामिल किया जाए। छटनी ग्रस्त कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लिया जाए, हड़ताल के दौरान रोहतक से 42 डोर-टू-डोर के कर्मचारी व अन्य हटाए गए कर्मचारियों को वापस लिया जाए। 14 मई को कर्मचारियों व सरकार के बीच समझौता हुआ था। इस दौरान सरकार ने 22 मांगों में से 17 मांगों को मान लिया था, लेकिन अभी तक उन मांगों का पत्र जारी नहीं किया गया है। उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरी करके पत्र जारी किया जाए।
Source link

