मधुबनी पुलिस ने तीन ब्राउन शुगर तस्करों को पकड़ा:समस्तीपुर से नेपाल तक फैले नेटवर्क का किया भंडाफोड़, हथियार बरामद

मधुबनी पुलिस ने तीन ब्राउन शुगर तस्करों को पकड़ा:समस्तीपुर से नेपाल तक फैले नेटवर्क का किया भंडाफोड़, हथियार बरामद




मधुबनी पुलिस ने समस्तीपुर से नेपाल तक फैले ब्राउन शुगर तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने उनके पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक अवैध देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सिकन्दर यादव (ग्राम विष्णुपुर, थाना लदनिया), दिनेश सदाय (ग्राम धर्मवन मुसहरी टोल, थाना लदनिया) और नीतीश कुमार गौरव (ग्राम विष्णुपुर, थाना लदनिया) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने शुक्रवार शाम बताया कि 25 जून को लदनिया थाना पुलिस गश्ती और छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि खाजेडीह कॉलेज के पीछे स्थित एक खंडहर में कुछ तस्कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जमा हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चार लोग भागने लगे, जिनमें से सिकन्दर यादव को मौके पर ही दबोच लिया गया। हालांकि, तीन अन्य भागने में सफल रहे। सिकन्दर यादव की तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल फोन मिला। उसकी निशानदेही पर खंडहर में झाड़ियों के बीच छिपाए गए दो पॉलिथीन से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और स्टील के डिब्बे में रखी लगभग 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पूछताछ में सिकन्दर यादव ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह समस्तीपुर के ताजपुर और सकरी से ब्राउन शुगर लाकर मधुबनी में मोबाइल, व्हाट्सएप कॉल और फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से बेचता था। इस नेटवर्क की आपूर्ति नेपाल तक भी की जाती थी। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित छापेमारी कर धर्मवन मुसहरी टोल से दिनेश सदाय और नीतीश कुमार गौरव को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर सिपहगिरी गांव से भागने का प्रयास कर रहे एक विधि-विरुद्ध बालक को भी सुरक्षित निरुद्ध किया गया। इस मामले में लदनिया थाना कांड संख्या 266/2026 दर्ज कर तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस नेटवर्क की आगे की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!