मुहर्रम ड्यूटी पर मोबाइल इस्तेमाल करती मिली महिला सिपाही:किशनगंज SP ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित, अधिकारियों के बुलाने पर भी नहीं छोड़ी कुर्सी
किशनगंज में मुहर्रम ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के आरोप में एक महिला सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। एसपी संतोष कुमार ने कर्तव्य में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में सिपाही अनुप्रिया कुमारी (नंबर 853) को शुक्रवार रात को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। यह कार्रवाई 26 जून को दोपहर करीब 12:15 बजे हुई, जब एसपी संतोष कुमार मुहर्रम के मद्देनजर शहर का दौरा कर रहे थे। उन्होंने सौदागर पट्टी चौक पर ड्यूटी पर तैनात सिपाही अनुप्रिया कुमारी को मोबाइल/ईयर फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया। आरोप है कि जब वरीय अधिकारियों ने उन्हें बुलाया, तब भी वह मोबाइल में व्यस्त रहीं और मनमाने तरीके से अपनी कुर्सी पर बैठी रहीं। उन्होंने अपनी जगह से हिलने से इनकार कर दिया। मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था और सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए, सिपाही का यह आचरण कर्तव्य में घोर लापरवाही माना गया। निर्देशों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई बिहार पुलिस मुख्यालय के स्पष्ट निर्देश हैं कि विधि-व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण ड्यूटी पोस्टों पर पुलिसकर्मी अनावश्यक मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करेंगे। सिपाही अनुप्रिया कुमारी ने इन निर्देशों का उल्लंघन किया। 7 दिन के अंदर देना है स्पष्टीकरण एसपी संतोष कुमार ने सिपाही अनुप्रिया कुमारी को 26 जून, 2026 से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र, किशनगंज को दो दिनों के भीतर विस्तृत तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। निलंबित सिपाही को सात दिनों के अंदर विभागीय जांच के संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को भी कहा गया है। किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या संदिग्ध आचरण के प्रति “शून्य सहिष्णुता” की नीति अपनाई जाएगी। दोषी पाए जाने पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link

