संभल में पंखा ठीक करते मजदूर की मौत:करंट लगने से हादसा, युवक आज दिल्ली लौटने वाला था
संभल जिले में एक मजदूर की बिजली का पंखा ठीक करते समय करंट लगने से मौत हो गई। 19 वर्षीय युवक आज अपनी मजदूरी के लिए दिल्ली लौटने वाला था। घटना के बाद मृतक के परिजनों में दुख का माहौल है। यह घटना जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई गांव में हुई। मृतक मजदूर की पहचान नन्हे (19 वर्षीय) पुत्र सोहनपाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे नन्हे बिजली के पंखे को ठीक कर रहा था। इसी दौरान पंखे में अचानक करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। वे तुरंत युवक को कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर कर दिया। जब परिजन नन्हे को लेकर सीएचसी पहुंचे, तो वहां तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में शोक छा गया। परिजनों की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के चाचा चंद्रपाल ने बताया कि नन्हे पंद्रह दिन पहले ही दिल्ली से मजदूरी कर घर लौटा था और आज शनिवार को ही वापस दिल्ली जाने वाला था। नन्हे अविवाहित था। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।
Source link

