सुपौल में लूटपाट के दौरान युवक पर फायरिंग:शरीर के बाएं हिस्से में लगी गोली, गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर
सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अपराधियों ने लूटपाट का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी। घटना एनएच-27 स्थित बांस चौक के समीप हुई, जहां तीन बदमाशों ने पहले युवक का मोबाइल छीना और फिर बाइक लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान अरड़रहा वार्ड संख्या-15 निवासी रघुनंदन यादव के बेटे अमित कुमार उर्फ छोटू(28) के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे खून से लथपथ अवस्था में राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक लूटने का विरोध करने पर चलाया गोली घायल अमित कुमार ने बताया कि वह फिगलासं चकला से कुसहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-27 पर बांस चौक के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पहले उनका मोबाइल फोन छीन लिया और इसके बाद बाइक भी लूटने का प्रयास किया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके शरीर के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली मारने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। वहीं, प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एनएच-27 पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय हाईवे पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Source link

