हुड्डा के करीबी पूर्व विधायक ने सैलजा संग फोटो खिंचवाई:SRB ग्रुप के साथ दिखे रामनिवास घोड़ेला, बोले-मुझे जो बुलाएगा मैं वहां जाउंगा
हरियाणा में कांग्रेस में गुटबाजी कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। हरियाणा कांग्रेस दो गुटों में बंटी नजर आती है। पहला गुट पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का है। दूसरा गुट सैलजा-रणदीप और बीरेंद्र सिंह का (SRB) है।
हाल ही में चंडीगढ़ में हुई कांग्रेस की बैठक में हिसार की बरवाला सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे रामनिवास घोड़ेला सैलजा कैंप में नजर आए। वे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट के करीबी माने जाते हैं। हुड्डा सरकार में सीपीएस रह चुके हैं। 2024 में हए विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और हार का मुंह देखना पड़ा था। हार के बाद घोड़ेला ने कांग्रेस के ही कुछ लोगों पर उनको हरवाने के आरोप लगवाए थे। इसके बाद कांग्रेस में रहते हुए घोड़ेला ने कई बार समर्थकों की मीटिंग बुलाकर बागी तेवर भी दिखाए। अब सैलजा और बीरेंद्र सिंह के साथ फोटो खिंचवाकर घोड़ेला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर अपनी मौजूदगी किस गुट में वह बता दी है।
घोड़ेला बोले-जो मुझे बुलाएगा मैं वहां जाउंगा
वहीं दैनिक भास्कर से बातचीत में रामनिवास घोड़ेला ने सैलजा संग फोटो पर सफाई दी है। घोड़ेला का कहना है कि पूरी कांग्रेस एकजुट है और कोई गुटबाजी नहीं है। कुमारी सैलजा जी भी हमारी वरिष्ठ नेता हैं और हुड्डा साहब भी हमारे नेता हैं। जहां तक किसी गुट में जाने का सवाल है तो जो मुझे बुलाएगा मैं खुशी-खुशी वहां जाउंगा। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और आगे भी एक होकर चुनाव लड़ेगी। इस कारण नाराज हुए थे पूर्व विधायक घोड़ेला… राहुल गांधी की रैली में फोटो को लेकर हुआ था विवाद
2024 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने खास तौर पर बरवाला में रैली की थी। इस रैली में रामनिवास घोड़ेला और कांग्रेस सांसद जयप्रका्श के बीच तकरार देखने को मिली थी। कांग्रेस सांसद ने कहा था कि रैली के मंच पर मेरे पोस्टर नहीं लगाए गए इसका बदला बरवाला की जनता लेगी। चुनाव में हार के बाद घोड़ेला ने इसको मुद्दा बनाया था और प्रदेश नेतृत्व को इसकी शिकायत भी की थी। इस पर बरवाला में समर्थकों के बीच घोड़ेला ने कहा था कि मैं दावे के साथ कहता हूं अगर हमने फोटो न लगाई हो। हमने अपनी सैकड़ों गाड़ियों के पीछे सांसद के फोटो लगाए थे। बरवाला में शक्ति प्रदर्शन कर निकाली थी भड़ास
बता दें कि इससे पहले रामनिवास घोड़ेला ने बरवाला में मकर संक्रांति पर शक्ति प्रदर्शन किया और मंच से वर्करों के सामने अपनी बात रखी थी। इस दौरान घोड़ेला ने अपने विरोधियों के लिए कहा था – “कई बार एक शेर के पीछे 100 कुत्ते लग जाए तो वो हार जाता है। कोई बात नहीं हार गया तो क्या हो गया।” घोड़ेला का इशारा हिसार से सांसद जयप्रकाश की तरफ था। घोड़ेला ने मंच से जयप्रकाश का नाम लिए बिना यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में हमने और 36 बिरादरी ने उसका साथ दिया, मगर वो नकारा हुआ आदमी था। लोगों ने कहा था यह आदमी झूठ बोलता है, उसे वोट नहीं देंगे। पॉलिटिकल एक्सपर्ट बोले- हुडडा पर दवाब बनाने का प्रयास
पॉलिटिकल एक्सपर्ट सतीश त्यागी कहते हैं कि हुड्डा गुट के कुछ लोग सैलजा संग फोटो खिंचवाकर दवाब बनाने का प्रयास करते हैं ताकि हुड्डा गुट में उनकी पूछ हो। यह कांग्रेस के अंदर एक कल्चर बन गया है। हालांकि बड़े नेता इस चीज को बखूबी समझते हैं। घोड़ेला ने जो फोटो जारी किए हैं वह पार्टी ऑफिस के हैं और वहां सभी नेता पहले से ही मौजूद थे। चर्चा तब बनती जब घोड़ेला खास तौर पर सैलजा से मिलने उनके घर जाते या उनका कार्यक्रम बरवाला में करवाते।
Source link

