500 CCTV फुटेज के आधार पर पंजाब से पकड़े चोर:खाटूश्यामजी दर्शन के बाद आरोपी ने रैकी की,चोरी करने के पहले गाड़ी को दूर खड़ा किया
सीकर के गोकुलपुरा थाना इलाके में खीचड़ो का बास में मकान की खिड़की तोड़कर लाखों रुपए की चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को पंजाब में दबिश देकर पकड़ा। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आज एडिशनल एसपी डॉ तेजपाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके खुलासा किया। डॉ तेजपाल सिंह ने बताया कि 9 जून को संजय कुमार ने गोकुलपुरा थाने पर मुकदमा दर्ज करवाया कि वह अपने परिवार के साथ घर के चौक में सो रहे थे। रात के समय चोर मकान की पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और फिर चोरी की। परिवार के लोग सुबह जागे तो कमरे अंदर से बंद मिलने पर चोरी का पता चला। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू किया गया। गोकुलपुरा पुलिस थाना SHO प्रीति बेनीवाल और हैड कांस्टेबल राजपाल, कांस्टेबल ओमप्रकाश और हंसराज की विशेष भूमिका से मामले में चार आरोपी सोनू कुमार(25) पुत्र सुरेश कुमार निवासी श्रीगंगानगर,लालसिंह(40) पुत्र करतार सिंह निवासी भटिंडा, रामकिशन(32) पुत्र सरजीत निवासी भटिंडा, विजय कुमार(27) पुत्र राजू कमार निवासी भटिंडा को पंजाब के मोरमंडी और आसपास के एरिया में दबिश देकर पकड़ा है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने राजस्थान के 350 और पंजाब के 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। इसके बाद गाड़ी के आधार पर आरोपियों का पता लगाते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी पहले भी मिलकर चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी इतने शातिर हैं कि हर बार चोरी करने के लिए अलग-अलग गाड़ी लेकर आते हैं और मोबाइल का यूज नहीं करते। इन्हीं की गैंग का एक आरोपी खाटू में दर्शन करने के लिए आया था। उसने दर्शन के बाद आकर यहां पर रैकी की। इसके बाद गाड़ी लेकर आरोपी पंजाब से सीकर आए। उन्होंने चोरी करने के पहले गाड़ी को काफी दूर खड़ा किया।इसके बाद पैदल ही चोरी करने गए और चोरी करने के बाद राजगढ़, सिरसा होते हुए पंजाब पहुंच गए। अब इन आरोपियों से चोरी किए गए माल के बारे में पूछताछ की जा रही है।
Source link

