CRPF Jawan Murder Case: Accused Arrested in Betul
बैतूल जिले के गंज थाना क्षेत्र में पूर्व सीआरपीएफ जवान बाबूराव सातनकर हत्याकांड के फरार आरोपी नवीन यादव को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक तीन मुख्य आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
.
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को हमलापुर निवासी विशाल सातनकर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि खेत की मेढ़ के विवाद को लेकर ओमप्रकाश यादव, नवीन यादव, पिल्लू उर्फ फूलचंद करोचे और अन्य आरोपियों ने उनके पिता बाबूराव सातनकर पर लाठी-डंडों और नोजल पाइप से हमला किया था।
गंभीर रूप से घायल बाबूराव की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस मामले में ओमप्रकाश यादव और पिल्लू उर्फ फूलचंद को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका था।
बस स्टैंड पर घेराबंदी कर तीसरा आरोपी पकड़ा फरार चल रहे आरोपी नवीन उर्फ नवीन्द्र यादव को 19 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर लाखापुर बस स्टैंड क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान नवीन यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश और खेत की मेढ़ के विवाद को लेकर बाबूराव की पीट-पीटकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद किया है। बाबूराव और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से जमीन और मेढ़ को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के कारण 17 अप्रैल को यह घटना हुई।
पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
फोटो- पूर्व CRPF जवान बाबूराव सातनकर।

