पृथ्वीराज चौहान जयंती समारोह समिति ने गणेशजी को न्यौता:21 कुंडीय यज्ञ, ध्वजारोहण और सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा आयोजित
ब्यावर में सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती समारोह समिति ने आगामी महोत्सव और निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए आमंत्रण प्रक्रिया शुरू कर दी है। बुधवार को सूरजपोल गेट स्थित प्रसन्न गणपति मंदिर में प्रथम न्यौता प्रदान किया गया। समिति के ब्यावर परियोजना प्रमुख पृथ्वी सिंह भोजपुरा ने बताया कि इस वर्ष भी ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की द्वादश तिथि को गुरुवार को जयंती मनाई जाएगी। यह आयोजन आशापुरा माता धाम में सम्राट पृथ्वीराज चौहान के स्मारक पर दुग्धाभिषेक के साथ होगा। इस अवसर पर राजस्थान के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और जिले के विधायक गण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दुग्धाभिषेक के बाद माता के दरबार में 21 कुंडीय यज्ञ, धर्म ध्वजारोहण और ग्रामोत्सव सहित विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। समिति के सहसंयोजक विक्रान्त रावत के अनुसार 18 जून 2026 तक चलने वाले इन आयोजनों में 14 मई से 15 दिवसीय ग्रामोत्सव भी शामिल है। इसका उद्देश्य सम्राट के जीवन चरित्र को गांव-गांव तक पहुंचाना है। जयंती समारोह का समापन 18 जून को चीता मेहरात हिन्दू मगरा मेरवाड़ा महासभा द्वारा आयोजित निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन के साथ होगा। इस समापन कार्यक्रम में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संघचालक रमेश चन्द्र अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। निमंत्रण समारोह में प्रसन्न गणपति और प्राचीन काली माता को भी निमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर ब्यावर परियोजना प्रमुख लक्ष्मीनारायण, परियोजना अध्यक्ष छोटू सिंह कानाखेड़ा, मंत्री नितेश गोयल, विवाह समिति संयोजक सूरज प्रताप सिंह राजियावास, समिति सहसंयोजक धन्ना सिंह चौहान, ललिता बल्दवा, धर्मा पूरण सिंह राजियावास, विहिप जिला सहमंत्री राजीव मिश्रा, नगर अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र आनंदानी, भंवर सिंह चौहान गुड़ी केसरपुरा, नगर अखाड़ा प्रमुख मुरलीधर, बाबू सिंह चौहान शेखावास, सिकन्दर सिंह चौहान पाखरियावास सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Source link

