48 घंटे में 8.2॰ लुढ़का सतना का तापमान:बारिश और अंधड़ से मिली राहत, अगले कई दिन बूंदाबांदी के आसार
सतना जिले के निवासियों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। पिछले 48 घंटों में हुई बारिश, बूंदाबांदी और अंधड़ के कारण अधिकतम तापमान में 8.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। दो दिन पहले अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो अब घटकर 36.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात दोनों का पारा सामान्य से 6-6 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। लगातार दो दिन देर रात हल्की बारिश होने से हवा में नमी घुल गई है। सुबह हवा में नमी 64 प्रतिशत और शाम को 34 प्रतिशत रही। जिले में सर्वाधिक बारिश चित्रकूट और मझगवां क्षेत्र में आधा-आधा इंच दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में आधा इंच से भी कम बारिश हुई। बीते एक पखवाड़े से लगातार गर्म हवाओं और लू के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित था। शनिवार रात से बदले मौसम के बाद तेज हवा के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश ने मौसम में ठंडक ला दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की तरफ से आ रही हवा की नमी के कारण बादलों की सक्रियता बनी हुई है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान में ऊपरी हवा में चक्रवात बना हुआ है। एक ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी से मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान तक फैली है, जबकि दूसरी अरब सागर से आ रही है। इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से अगले कई दिनों तक तेज हवा के साथ बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना है।
Source link

