दो दिन में उखड़ने लगी डामर सड़क:सतना में रहवासियों ने किया प्रदर्शन, सरकारी पैसे से घटिया निर्माण का आरोप
सतना के धवारी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे डामर सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर स्थानीय रहवासियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड क्रमांक 30, 31, 32, 33 और 34 के निवासियों ने सड़क पर उतरकर नगर निगम प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दो दिन पहले बनी सड़क की डामर की परत कई जगहों से उखड़ने लगी है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं बरती जा रही हैं और इंजीनियरों की उचित निगरानी के बिना मनमाने ढंग से सड़क बनाई जा रही है। डामर की सही मात्रा नहीं डालने पर उखड़ी रोड
रहवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में डामर और इमल्शन का उपयोग निर्धारित मात्रा से कम किया गया है। इसी कारण सड़क शुरुआती दौर में ही खराब होने लगी है, जो गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन है। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी धन खर्च होने के बावजूद लोगों को टिकाऊ सड़क नहीं मिल रही है। रहवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं की गई, तो कुछ ही महीनों में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाएगी और दोबारा मरम्मत की आवश्यकता पड़ेगी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मानकों के अनुरूप सड़क का दोबारा निर्माण कराने की मांग की है। जांच न होने पर आंदोलन तेज करने की बात भी कही गई।
Source link

