गोरखपुर में लोग उमस से हैं परेशान:बादलों के बीच निकल रही हल्की धूप, पूरे सप्ताह रुक-रुक कर होगी बारिश

गोरखपुर में लोग उमस से हैं परेशान:बादलों के बीच निकल रही हल्की धूप, पूरे सप्ताह रुक-रुक कर होगी बारिश




गोरखपुर में बुधवार को मौसम का मिजाज दिनभर बदलता रहा। सुबह से कभी आसमान में घने बादल छाए रहे तो कभी तेज धूप निकल आई। मौसम के इस बदलते रुख के कारण लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। बाहर निकलने वाले लोगों को तेज धूप और नमी भरी हवा ने परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि हवा में नमी अधिक होने से उमस बनी रहेगी, लेकिन शाम तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम कुछ हद तक राहतभरा हो सकता है। 15 से 22 जुलाई तक रोज बरसेंगे बादल मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गोरखपुर में 15 से 22 जुलाई तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान लगभग हर दिन बादलों का डेरा रहेगा और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लगातार बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा और मौसम में ठंडक महसूस होगी। 18 जुलाई को सबसे ज्यादा बारिश की संभावना पूरे सप्ताह में 18 जुलाई सबसे ज्यादा बारिश वाला दिन रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गोरखपुर में दिनभर कई दौर की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज से भारी वर्षा दर्ज होने के आसार हैं। लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम की तस्वीरें देखिए… सप्ताहभर ऐसा रहेगा तापमान
आने वाले सात दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण उमस पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन बारिश के चलते लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी। लोगों को बरतनी होगी सावधानी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक होने वाली बारिश धान सहित खरीफ की फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। वहीं लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में लोगों को घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखने, जलभराव वाले रास्तों से बचने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!