सागर में हाईवे पर कार में लगी आग:रास्ते में खराब होने पर मैकेनिक को लेने गए, वापस लौटे तो जली मिली
सागर देवरी थाना क्षेत्र में हाईवे पर खड़ी एक कार में बुधवार सुबह आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, संजय नगर निवासी देवेंद्र साहू बुधवार सुबह करीब 4.30 बजे कार से सागर जा रहे थे। वे रिजर्वेशन के सिलसिले में सागर जा रहे थे। चीमाढाना के पास उनकी कार चलते-चलते अचानक बंद हो गई। देवेंद्र ने कई बार कार चालू करने की कोशिश की, लेकिन वह स्टार्ट नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कार को हाईवे किनारे लॉक किया और मैकेनिक लेने देवरी चले गए। मैकेनिक को लेकर लौटे तो जल चुकी थी कार देवेंद्र सुबह करीब 9 बजे मैकेनिक को लेकर वापस चीमाढाना पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि कार में आग लगी हुई थी। आग से कार पूरी तरह जल चुकी थी। देवेंद्र ने बताया कि कार क्रमांक एमपी 15 सीसी 3078 उनके बेटे नमन साहू के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार में आग कैसे लगी, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच जारी देवरी थाने के एसआई समरथ सीनम ने बताया कि डायल-112 पर चीमाढाना में कार में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की है। कार में आग कैसे लगी और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच की जा रही है।
Source link

