चोर गिरोह के पांच सदस्य और सुनार गिरफ्तार:बंद घरों को निशाना बनाते थे, तीन थानों को थी तलाश

चोर गिरोह के पांच सदस्य और सुनार गिरफ्तार:बंद घरों को निशाना बनाते थे, तीन थानों को थी तलाश




पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र में बंद घरों में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों और एक सुनार को गिरफ्तार किया है। इन सभी को मंगलवार को जेल भेज दिया गया। डीएसपी राजेश कुमार यादव ने यह जानकारी दी। यह सफलता 3 मार्च को मिथलेश कुमार मेहता के घर हुई चोरी की घटना के अनुसंधान के दौरान मिली। शिकायत दर्ज की गई थी कि बंद घर से सोना-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी हुई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छतरपुर थाना क्षेत्र के खाटीन गांव में एक किराए के मकान से कुंदन कुमार मेहता और पंकज प्रसाद उर्फ पंकज गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों अविनाश मेहता और गोलू के साथ मिलकर पहले बंद घरों की रेकी करते थे। मौका देखकर वे ताला, दीवार या अलमारी तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य संकरे रास्तों और छत के रास्ते घर में घुसने में माहिर थे और चोरी के लिए विशेष प्रकार के लोहे के हथौड़े का उपयोग करते थे। जांच में सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को स्थानीय सुनार अनुरंजन सोनी को बेचा जाता था, जो साक्ष्य मिटाने के लिए उन्हें तुरंत गलवा देता था। पुलिस ने सुनार की निशानदेही पर चोरी के कई आभूषण और चांदी के बर्तन बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, चोरी में प्रयुक्त हथौड़ा, एक मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और लेन-देन का हिसाब रखने वाला एक रजिस्टर भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने पड़वा, नौडीहा बाजार और पाटन थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!