फिरोजपुर झिरका मंडी में खरीदा जा रहा राजस्थान का गेहूं:सस्ते दामों में खरीदकर MSP पर बेचने का आरोप, मार्केट कमेटी चेयरमैन बोले- होगी जांच
नूंह जिले की फिरोजपुर झिरका अनाज मंडी में दूसरे प्रदेश से अनाज मंगाकर खरीद करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पड़ोसी राज्य राजस्थान के व्यापारी वहां से कम दामों में गेहूं खरीदकर उसे हरियाणा की मंडियों में लाकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेच रहे हैं। इस पूरे मामले ने मंडी व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों का दावा है कि, राजस्थान के कामड़ी सहित कई इलाकों से बड़े पैमाने पर गेहूं खरीदा जा रहा है। इस गेहूं को फिरोजपुर झिरका मंडी में स्थानीय फसल के रूप में दिखाकर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। इससे बाहरी व्यापारियों को कथित तौर पर मोटा मुनाफा हो रहा है, जबकि स्थानीय किसान नुकसान झेल रहे हैं। राजस्थान के व्यक्ति ने गेहूं बेचना स्वीकार किया मामले में उस वक्त संदेह और गहरा गया जब राजस्थान से गेहूं लेकर आए एक व्यक्ति ने खुद स्वीकार किया कि वह कामड़ी से गेहूं खरीद कर लाया है। हालांकि, जब उससे गेहूं की मात्रा पूछी गई तो वह सवाल से बचता नजर आया और कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह बाहरी गेहूं मंडी में आता रहा तो उनकी फसल की खरीद प्रभावित होगी और उन्हें उचित दाम नहीं मिल पाएंगे। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कराई जाएगी मामले की जांच : मार्केट कमेटी चेयरमैन इस मामले पर मार्केट कमेटी चेयरमैन महासिंह सैनी ने कहा है कि अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है तो इसकी जांच करवाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link

