नेपानगर में पांच हाईस्कूल भवनों को मिली मंजूरी:19.81 करोड़ से आदिवासी क्षेत्रों में बनेंगे स्कूल, विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
बुरहानपुर जिले की नेपानगर विधानसभा में पांच नए शासकीय हाईस्कूल भवनों के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इन भवनों पर कुल 19 करोड़ 81 लाख 3 हजार रुपए की लागत आएगी। यह स्वीकृति विधायक मंजू राजेंद्र दादू के प्रयासों से मिली है। विधायक मंजू दादू ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जनजातीय कार्य विभाग मंत्री कुंवर विजय शाह का क्षेत्रीय जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। विधायक दादू ने बताया कि आदिवासी बहुल नेपानगर विधानसभा में शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है। इन नवीन स्कूल भवनों के निर्माण से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे। जिन स्कूलों के भवन निर्माण को स्वीकृति मिली है, उनमें शासकीय हाई स्कूल हसीनाबाद, शासकीय हाई स्कूल नावथा, शासकीय हाई स्कूल हैदरपुर, शासकीय हाई स्कूल पलासुर और शासकीय हाईस्कूल मांजरोदखुर्द शामिल हैं। प्रत्येक स्कूल भवन के लिए 396.26 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
Source link

