बीच सड़क भिड़े ई-रिक्शा यात्री और बाइक सवार, VIDEO:ओवरटेक को लेकर विवाद, दोनों पक्षों ने नहीं दी तहरीर
मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र में शामली रोड स्थित हनुमान चौक के पास रविवार रात करीब 9 बजे ई-रिक्शा में सवार यात्रियों और बाइक सवार युवकों के बीच मारपीट हो गई। मामूली कहासुनी के बाद यह विवाद सड़क पर हंगामे में बदल गया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों ने ई-रिक्शा को तेज गति से ओवरटेक किया था। इस दौरान रिक्शा में बैठे कुछ यात्रियों ने बाइक सवारों को टोका, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष सड़क पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ में से ही किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर दी गई है या नहीं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
Source link

