रायसेन की पहली तेज बारिश में जल निकासी व्यवस्था फेल:61 मिमी बारिश से बाजार और मैदान डूबे, 2.80 करोड़ का नाला भी बेअसर साबित
रायसेन में रविवार को इस सीजन की पहली तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। दो घंटे तक हुई 61 मिमी (ढाई इंच) बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। तेज बारिश से रामलीला मैदान पूरी तरह जलमग्न हो गया। वहीं, शहर के मुख्य बाजार महामाया चौक पर सड़क पर करीब दो फीट तक पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में 2 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण कार्य जारी है, लेकिन पहली ही तेज बारिश में इसकी खामियां सामने आ गईं। सागर रोड से लेकर सांची रोड तक नाले का निर्माण कार्य अभी अधूरा है। इस कारण बारिश का पानी पहले की तरह सड़कों और निचले इलाकों में भर गया। निचली बस्तियों में भी जलभराव
कई निचली बस्तियों में भी जलभराव की समस्या बनी रही। बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा। आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिले में मानसून के 25 जून तक पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद 26 जून से मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। इधर, रविवार को हुई अच्छी बारिश से किसानों को राहत मिली है। खेतों में नमी बढ़ने के बाद किसानों ने खरीफ सीजन की तैयारियां तेज कर दी हैं, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आई है।
Source link

