सहरसा में बिना लाइसेंस संचालित स्टोर सील:दुकान में रखी सभी दवाएं जब्त, कोर्ट में प्रॉसिक्यूशन दर्ज कराया जाएगा
सहरसा के महिषी थाना क्षेत्र के गंडोल चौक पर बिना लाइसेंस संचालित एक मेडिकल दुकान पर औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त छापेमारी कर दुकान में रखी सभी दवाएं जब्त कर लीं। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य मेडिकल दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। छापेमारी का नेतृत्व ड्रग इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार, कुमार संजय और पंकज भारती ने किया। अधिकारियों ने बताया कि यह मेडिकल दुकान प्रमोद कुमार के नाम से संचालित हो रही थी, लेकिन जांच में इसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। नियमों के स्पष्ट उल्लंघन के कारण दुकान में मौजूद पूरा दवा स्टॉक जब्त कर लिया गया। न्यायालय में अभियोजन दर्ज कराया जाएगा ड्रग इंस्पेक्टर ने जानकारी दी कि इस मामले में दुकान संचालक के खिलाफ न्यायालय में अभियोजन दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अवैध दवा कारोबार और नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रशासन की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बाजार क्षेत्रों में भी गहन जांच अभियान चलाया छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के बाजार क्षेत्रों में भी गहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध मेडिकल स्टोर्स और दुकानों की तलाशी ली गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं सुखा नशा, कोरेक्स या अन्य प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री तो नहीं हो रही है। गौरतलब है कि हाल ही में जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने नशा विरोधी अभियान की समीक्षा बैठक में औषधि निरीक्षकों को अवैध दवा और नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक छापेमारी के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने यह साफ संदेश दिया है कि जिले में अवैध दवा कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link

