सिपाही भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन आज:लखनऊ के 55 केंद्रों पर 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; पहले दिन 70% हुए शामिल
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन सोमवार को आयोजित होगा। लखनऊ के 55 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में 45,312 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी और कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी। प्रति पाली 22,656 अभ्यर्थी होंगे शामिल लखनऊ में 8 से 10 जून तक चल रही परीक्षा के तहत दूसरे दिन भी पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 22,656 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
1626 पुलिसकर्मियों की तैनाती परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 55 निरीक्षक, 255 उपनिरीक्षक, 300 मुख्य आरक्षी, 600 आरक्षी और 300 महिला आरक्षियों समेत कुल 1626 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 110 सेक्टर मजिस्ट्रेट हमराही भी निगरानी व्यवस्था में लगाए गए हैं।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से रखी जा रही निगरानी जिलाधिकारी विशाख जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने पहले दिन विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को पूरी पारदर्शिता और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से स्मार्ट मॉनिटरिंग की जा रही है और कंट्रोल रूम से लगातार नजर रखी जा रही है।
पहले दिन 70 फीसदी से अधिक रही उपस्थिति पहले दिन दोनों पालियों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 70 प्रतिशत से अधिक रही। प्रथम पाली में 70.03 फीसदी और द्वितीय पाली में 70.97 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
Source link

