विधवा मां से अवैध संबध पर प्रेमी का मर्डर:बेटे ने दोस्त के साथ कुल्हाड़ी से 3 वार किए; 500 मीटर घसीटकर तालाब में फेंका
बालाघाट जिले के परतापुर में हुए सुरेंद्र मड़ावी हत्याकांड का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की प्रेमिका के बेटे और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया था और खून के धब्बों को मिट्टी से ढक दिया था। मां के साथ संबंधों से नाराज था बेटा एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि मृतक सुरेंद्र मड़ावी के गांव की ही एक विधवा महिला से अवैध संबंध थे। महिला का 19 वर्षीय बेटा सोनू मड़ावी इन संबंधों का विरोध करता था। सोनू ने सुरेंद्र को कई बार अपनी मां से न मिलने और घर न आने की चेतावनी दी थी। सुरेंद्र के न मानने पर सोनू ने अपने दोस्त मिथुन सैयाम (23) के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। खेत में घात लगाकर कुल्हाड़ी से किए तीन वार 19 मई की रात जब सुरेंद्र गांव की बैठक से लौटकर महिला के घर की ओर जा रहा था, तभी खेत में छिपे सोनू और मिथुन ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सुरेंद्र पर कुल्हाड़ी से तीन घातक वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को करीब 500 मीटर दूर घसीटकर ले गए और उसे तालाब में फेंक दिया ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे। साक्ष्य मिटाने की कोशिश, डॉग स्क्वॉड ने पकड़ा वारदात के बाद आरोपियों ने रास्ते में गिरे खून के धब्बों पर मिट्टी डालकर उन्हें मिटाने का प्रयास किया। उन्होंने एक कुल्हाड़ी जमीन में गाड़ दी और दूसरी तालाब में फेंक दी। 20 मई को तालाब में शव मिलने और पोस्टमार्टम में धारदार हथियार से चोट की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस टीम को 20 हजार का पुरस्कार पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, खून से सने कपड़े, मोबाइल और सबूत बरामद कर लिए हैं। इस कत्ल को सुलझाने वाली लामता और चांगोटोला थाना पुलिस सहित सायबर सेल की टीम को आईजी द्वारा घोषित 20 हजार रुपए के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Source link

