मोतिहारी में चेन स्नैचिंग का खुलासा, 2 चेन बरामद:कटिहार के कोढ़ा गैंग की हुई पहचान, अपराधी पकड़ से बाहर
मोतिहारी पुलिस ने शहर में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने अंतर-जिला सक्रिय कोढ़ा गैंग (कटिहार) की पहचान की है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले गिरोह के अपराधी फरार हो गए, लेकिन उनके ठिकाने से लूटी गई दो सोने की चेन बरामद की गई हैं। मामले का खुलासा करते हुए सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार ने बताया कि 07 जून को नगर थाना और छतौनी थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर चेन स्नैचिंग की वारदातें हुई थीं। ये स्थान आर्य समाज, हवाई अड्डा छोटा बरियारपुर और बापूधाम स्टेशन रोड थे। इन वारदातों को एक अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने अंजाम दिया था। सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के तहत घटनास्थलों और शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सभी घटनाओं के पीछे कटिहार जिले का कोढ़ा गैंग सक्रिय है। इसके बाद नगर थाना, छतौनी थाना, डीआईयू टीम और कटिहार जिले की कोढ़ा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। कोढ़ा गैंग के ठिकाने जुराबगंज गांव में छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही गिरोह के सदस्य फरार हो गए थे। तलाशी के दौरान उनके घर से चेन स्नैचिंग में छीनी गई दो सोने की चेन बरामद की गईं। ”जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा” डीएसपी ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जिले में सक्रिय ऐसे अपराधी गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link

