मक्सी थाने से 100 मीटर दूर महिला से लूट:चाकू की नोक पर 6 लाख की नगदी-जेवर ले गए, तीन अन्य वारदातें भी की
शाजापुर जिले के मक्सी में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए शुक्रवार देर रात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मक्सी थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक घर में 7 से 8 नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में मौजूद महिला और उसके बच्चों को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लूट ली। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में डर का माहौल है। शनिवार को मक्सी थाना पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खिड़की की जाली उखाड़कर घर में घुसे बदमाश फरियादी रुकसार (पति आजाद खान), निवासी वार्ड क्रमांक-1 नई आबादी मक्सी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात उनके पति किसी काम से आगर गए हुए थे। घर में वह अपने बच्चों के साथ अकेली थीं। रात करीब ढाई बजे खिड़की की लोहे की जाली उखाड़कर 3 से 4 बदमाश घर के अंदर घुस आए, जबकि उनके बाकी साथी बाहर पहरा दे रहे थे। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे पर मास्क लगा रखा था और सिर पर साफा बांधा हुआ था। बदमाशों ने आते ही महिला और बच्चों पर चाकू अड़ा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर माल का पता पूछने लगे। अलमारी और बक्से खंगालकर जेवर-नगदी ले उड़े महिला और बच्चों को डराने-धमकाने के बाद बदमाशों ने पूरे घर का सामान बिखेर दिया। वे अलमारी और बक्से में रखी नगदी और सोने-चांदी के कीमती जेवर समेटकर रफूचक्कर हो गए। लूटे गए सामान में सोने की चेन, पेंडल, झुमके, नाक के कांटे, चांदी की बिछिया, पायजेब और करीब 30 हजार रुपए नगद शामिल हैं। जाते-जाते बदमाश महिला का मोबाइल भी छीन ले गए, जो बाद में बाहर टूटा हुआ पड़ा मिला। एक ही रात में कई जगहों पर धावे से गश्त पर सवाल बदमाशों का आतंक सिर्फ इसी घर तक सीमित नहीं रहा। उसी रात चोरों ने गोकुलधाम कॉलोनी के दो घरों और एबी रोड पर स्थित एक हार्डवेयर की दुकान के भी ताले तोड़ने की कोशिश की। इसके अलावा एक अन्य जगह पर भी चोरी की वारदात सामने आई है। थाने के इतने नजदीक और एक ही रात में लगातार हुई इन घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने संभाला मोर्चा घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार सुबह पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं और जल्द ही इस पूरी वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

