दोस्तों से शर्त लगाकर नहर में कूदा युवक, मौत:फरीदाबाद में दो दिन बाद हुई पहचान, प्राइवेट कंपनी में करता था काम
फ़रीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ के आईएमटी क्षेत्र के पास आगरा कैनाल नहर में 14 जुलाई को मिले युवक के शव की पहचान 23 वर्षीय धर्मवीर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था, जहां परिजनों ने उसकी पहचान की। बताया जा रहा है कि धर्मवीर ने अपने दोस्तों के साथ मजाक-मजाक में शर्त लगाई थी कि नहर में कूदने के बाद कौन सबसे पहले बाहर निकलता है। इसी शर्त के दौरान उसने नहर में छलांग लगा दी, लेकिन वह बाहर नहीं निकल सका और पानी के तेज बहाव में बह गया। दो दोस्तों के साथ गया था युवक मृतक की बहन पूजा ने बताया कि 12 जुलाई की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच धर्मवीर अपने दो दोस्तों के साथ बदरपुर बॉर्डर के पास स्थित लोहिया पुल पर गया था। वहां दोनों दोस्तों के बीच नहर में कूदने को लेकर बहस हो रही थी। दोनों एक-दूसरे से कह रहे थे कि देखते हैं कि कौन नहर में कूदकर जल्दी बाहर निकलता है। इसी दौरान धर्मवीर ने नहर में छलांग लगा दी। परिजनों के अनुसार, धर्मवीर के साथ मौजूद दूसरा युवक नहर में नहीं कूदा। धर्मवीर को पानी में बहता देखकर वह और उसके अन्य साथी वहां से चले गए। किसी ने भी तुरंत परिवार को घटना की जानकारी नहीं दी। जब रात भर धर्मवीर घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। दोस्तों से पूछताछ करने पर पता चला नहर में कूदा अगले दिन जब परिवार ने उसके दोस्तों से पूछताछ की तो पता चला कि धर्मवीर नहर में कूद गया था। कुछ लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह बहता हुआ आगे निकल गया। इसके बाद परिवार ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नहर में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन पहले दिन उसका कोई पता नहीं चल सका। 14 जुलाई को बल्लभगढ़ के आईएमटी क्षेत्र के पास आगरा कैनाल नहर में एक युवक का शव बहता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया और हुलिए के आधार पर परिजनों को बुलाया। कान में पहने कुंडल से परिजनों ने की शव की पहचान पूजा ने बताया कि सिविल अस्पताल की मोर्चरी में उन्होंने शव के हाथ पर बने टैटू, नाम के कुछ अक्षरों और कान में पहने लोहे के कुंडल से अपने भाई की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। परिजनों का कहना है कि यह एक दुखद हादसा है। उनका मानना है कि मजाक और शर्त के चलते धर्मवीर ने नहर में छलांग लगा दी, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। धर्मवीर 23 साल का था, अविवाहित था और एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। रविवार की छुट्टी होने के कारण वह दोस्तों के साथ घूमने और खाना-पीना करने गया था, लेकिन यह मौज-मस्ती उसकी जिंदगी की आखिरी शाम बन गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा सदर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि 14 जुलाई को आगरा कैनाल नहर से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान धर्मवीर के रूप में की। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link

