मंदसौर में सिसोदिया बोले- कांग्रेस किसानों को कर रही गुमराह:भाजपा ने गेहूं खरीदी लक्ष्य 100 लाख टन कराया, 2625 रुपए प्रति क्विंटल भुगतान का दावा

मंदसौर में सिसोदिया बोले- कांग्रेस किसानों को कर रही गुमराह:भाजपा ने गेहूं खरीदी लक्ष्य 100 लाख टन कराया, 2625 रुपए प्रति क्विंटल भुगतान का दावा




मंदसौर में भाजपा नेता यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा है कि कांग्रेस किसानों को भ्रमित कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। मंदसौर संभाग के मीडिया प्रभारी बनाए जाने के बाद उन्होंने पहली बार भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान बंशीलाल गुर्जर भी मौजूद रहे। यशपाल ने कहा कि गेहूं खरीदी को लेकर कांग्रेस द्वारा नेशनल हाईवे पर चक्काजाम और प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों को भड़काकर प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी गंभीरता से किसानों की उपज खरीद रही है और वेयरहाउस व उपार्जन केंद्रों पर टोकन व्यवस्था के माध्यम से व्यवस्थित खरीदी की जा रही है। “भाजपा ने 20 साल में खेती को लाभकारी बनाया”
सिसोदिया ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने बीते 20 वर्षों में किसानों के हित में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जो कांग्रेस अपने लंबे शासनकाल में नहीं कर पाई। केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश को 78 लाख टन गेहूं खरीदी का लक्ष्य दिया था, जिसे मुख्यमंत्री के आग्रह पर बढ़ाकर 100 लाख टन किया गया। जरूरत पड़ने पर इससे अधिक खरीदी की व्यवस्था भी की जाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस दिशाहीन हो चुकी है और उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 15 माह की सरकार पर किसानों से किए गए कर्जमाफी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। किसानों को मिल रही ब्याज राहत और बोनस
भाजपा सरकार किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में 32 लाख से अधिक किसान इस योजना का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की 6 हजार रुपए किसान सम्मान निधि के साथ मध्यप्रदेश सरकार भी किसानों को अतिरिक्त 6 हजार रुपए दे रही है। मध्यप्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जहां गेहूं के समर्थन मूल्य पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। अन्य राज्यों में जहां 2585 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी हो रही है, वहीं मध्यप्रदेश में किसानों से 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जा रहा है। सिंचाई और उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि का दावा
सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। गांधीसागर का पानी नगरी, दमदम और पानपुर तक पहुंचाया जा रहा है, जबकि संजीत क्षेत्र के लिए सूक्ष्म सिंचाई योजना पर कार्य जारी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की किसान हितैषी नीतियों के कारण मध्यप्रदेश को सात बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिल चुका है और प्रदेश आज दलहन व सोयाबीन उत्पादन में देश में प्रथम तथा गेहूं उत्पादन में द्वितीय स्थान पर है। तीन जिलों में गेहूं खरीदी की स्थिति
पत्रकार वार्ता में मंदसौर, नीमच और रतलाम जिलों की गेहूं खरीदी स्थिति भी साझा की गई। मंदसौर जिले में अब तक 1 लाख 30 हजार 815 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। नीमच जिले में 33 हजार 306 मीट्रिक टन खरीदी हुई है, जबकि रतलाम जिले में लगभग 85 हजार 581 टन गेहूं खरीदा गया है। यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ किसानों की उपज खरीदी कर रही है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!