लातेहार में स्कूल का छज्जा गिरा, 6 छात्र घायल:बरवाडीह प्रखंड में मिड डे मील के दौरान हुआ हादसा, दो छात्राओं को आई गंभीर चोटें

लातेहार में स्कूल का छज्जा गिरा, 6 छात्र घायल:बरवाडीह प्रखंड में मिड डे मील के दौरान हुआ हादसा, दो छात्राओं को आई गंभीर चोटें




लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लुहूर में बुधवार को एक हादसा हो गया। मध्यान्ह भोजन कर रहे लगभग छह छात्र-छात्राएं विद्यालय भवन का जर्जर छज्जा गिरने से घायल हो गए। इनमें कक्षा पांच की दो छात्राओं, काजल कुमारी और दिव्या कुमारी को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद, प्रभारी प्रधानाध्यापक दिलकेश्वर यादव ने घायल छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर मंटू कुमार और ड्रेसर बबलू ने उनका प्राथमिक उपचार किया। विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था जानकारी के अनुसार, वर्ष 2004 में निर्मित यह विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। छज्जे और छत में स्पष्ट दरारें थीं, इसके बावजूद छात्र-छात्राएं बरामदे में बैठकर भोजन करते थे। बुधवार को भी वे वहीं भोजन कर रहे थे, तभी अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया, जिससे परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही संकुल साधन से श्याम मनोहर यादव और सुमन कुमार मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे और शिक्षा विभाग के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। अभिभावकों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर भवनों में बच्चों की जान जोखिम में डाली जा रही है। कई अन्य विद्यालय भी जर्जर अवस्था में यह हादसा केवल इसी विद्यालय तक सीमित नहीं है। प्रखंड क्षेत्र के कई अन्य विद्यालय भी जर्जर अवस्था में हैं। प्रखंड मुख्यालय स्थित बालक उच्च विद्यालय प्लस टू का भवन भी खराब स्थिति में है, जहां छज्जे और छत के हिस्से लगातार गिरते रहते हैं। सरईडीह मध्य विद्यालय और कुटमू विद्यालय सहित कई अन्य स्कूलों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन से जर्जर भवनों की शीघ्र मरम्मत या नए भवन निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!