घट्टिया में किसानों का प्रदर्शन, नर्मदा पाइपलाइन की मांग:65 गांवों को जोड़ने की मांग, 25 मई से भूख हड़ताल की चेतावनी

घट्टिया में किसानों का प्रदर्शन, नर्मदा पाइपलाइन की मांग:65 गांवों को जोड़ने की मांग, 25 मई से भूख हड़ताल की चेतावनी




उज्जैन जिले की घट्टिया तहसील में नर्मदा पाइपलाइन से वंचित गांवों के किसानों का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर दिखाई दिया। करणी सेना और क्षेत्र के किसानों ने तहसील कार्यालय पर दोपहर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों का कहना है कि घट्टिया विधानसभा क्षेत्र के करीब 60 से 65 गांव आज भी नर्मदा पाइपलाइन सुविधा से वंचित हैं। इससे किसानों को सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसल उत्पादन पर असर पड़ रहा है।
धरना स्थल पर किसान हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। किसानों की मांग है कि नर्मदा पाइपलाइन योजना का विस्तार कर वंचित गांवों को जल्द जोड़ा जाए, ताकि खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंच सके। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि यदि जल्द योजना का विस्तार नहीं किया गया तो किसान बड़ा आंदोलन करेंगे। किसानों ने प्रशासन को 15 दिन का समय देते हुए 25 मई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। किसान नेता जितेंद्र सिंह परिहार ने कहा, “घट्टिया क्षेत्र के 60-65 गांवों के किसान लंबे समय से जल संकट झेल रहे हैं। नर्मदा का पानी खेतों तक पहुंचना जरूरी है। यदि 15 दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 25 मई से किसान अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।” वहीं, एसडीएम राजाराम कजारे ने बताया कि किसानों का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। इसे मुख्यमंत्री तक भेजा जाएगा। शासन स्तर पर निर्णय के बाद ही योजना पर आगे कार्रवाई संभव होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

India Fontline News

Subscribe Our NewsLetter!