यमुनानगर में युवक की गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला:पड़ोसियों के घर मिला खून से लथपथ, काम से नहीं लौटा था अपने घर
यमुनानगर में एक युवक की गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद युवक अपने ही पड़ोसियों के घर खून से लथपथ हालत में मिला, जिसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। घाव गहरा होने के कारण उसकी गर्दन पर छह टांके लगाए गए। मौके पर मौजूद परिजनों के अनुसार घायल युवक फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है, जिसके चलते यह पता नहीं चल पाया है कि हमला किसने और क्यों किया। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। खून से लथपथ पड़ोसियों के आंगन में मिला गांव रायपुर निवासी आरिफ ने बताया कि उसका चचेरा भाई, 22 वर्षीय शमशाद, जेसीबी चलाने का काम करता है। मंगलवार सुबह शमशाद काम पर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। रात करीब आठ बजे उनके पड़ोसी घबराते हुए उनके पास पहुंचे और बताया कि शमशाद खून से लथपथ उनके आंगन में पड़ा हुआ है। आरिफ ने बताया कि जिस घर में शमशाद मिला, वह उसकी बुआ का है, लेकिन फिलहाल वहां किरायेदार रह रहे हैं। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि शमशाद की गर्दन से काफी खून बह रहा था। प्रथम दृष्टया में गर्दन पर किसी तेजधार हथियार से वार किया गया प्रतीत होता है। पुलिस को किया सूचित परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर छह टांके लगाए। आरिफ ने बताया कि फिलहाल शमशाद बयान देने की स्थिति में नहीं है, जिसके कारण हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को इस बारे सूचित कर दिया गया है।
Source link

